Bihar News: किसान की मेहनत पर फिरा पानी, आग की लपटों में सपने हुए खाक, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

Bihar News: रात के सन्नाटे में अचानक उठी आग की लपटों ने पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा कर दिया

किसान की मेहनत पर फिरा पानी- फोटो : reporter

Bihar News: कटिहार जिले के सहायक थाना क्षेत्र स्थित विद्यानगर मोहल्ले में देर रात उस वक्त खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब अचानक बांस की खेती में भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों की गिरफ्त में आ गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के सन्नाटे में अचानक उठी आग की लपटों ने पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा कर दिया। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और जान-माल बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई। हर तरफ चीख-पुकार और भगदड़ जैसा नजारा था।

आग ने खासकर बॉस की खेती को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सूखी बांस की झाड़ियों ने आग को और भी विकराल बना दिया, जिससे लपटें तेजी से फैलती चली गईं। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ देर के लिए स्थिति बेकाबू हो गई।

हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। ग्रामीणों ने पानी, मिट्टी और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, तब जाकर हालात सामान्य हुए।फिलहाल आग लगने के कारणों का कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। यह शरारती तत्वों की करतूत है या कोई हादसा, इसको लेकर तरह-तरह की अटकलें और चर्चाएं जारी हैं।

इस आगजनी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। फिलहाल इलाके में हालात काबू में हैं, लेकिन इस आग की घटना ने लोगों के दिलों में खौफ और बेचैनी जरूर छोड़ दी है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह