Chhath Puja: छठ महापर्व पर मनिहारी गंगा घाट की मिट्टी की बढ़ी मांग, बंगाल-नेपाल तक आस्था की डोर

Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। बाजारों से लेकर गंगा घाटों तक छठ की रौनक दिखाई देने लगी है।

बंगाल-नेपाल तक आस्था की डोर- फोटो : reporter

Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। बाजारों से लेकर गंगा घाटों तक छठ की रौनक दिखाई देने लगी है। इसी के साथ मनिहारी गंगा घाट पर गंगा की पवित्र मिट्टी की मांग में भी इजाफा हो गया है। यहां इन दिनों आस्था और परंपरा की अनूठी तस्वीर देखने को मिल रही है। श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ अपने घरों के लिए मिट्टी भी खरीदकर ले जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस मिट्टी की मांग बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल और नेपाल तक है। दूर-दराज से लोग मनिहारी पहुंचकर मिट्टी खरीद रहे हैं।

दरअसल, छठ महापर्व में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष महत्व होता है। खरना पूजा के लिए श्रद्धालु मिट्टी का चूल्हा तैयार करते हैं। मान्यता है कि गंगा की मिट्टी से चूल्हे पर लेप लगाने और उसे बनाने से पूजा की पवित्रता बनी रहती है। इसी चूल्हे पर खरना का प्रसाद तैयार किया जाता है। इस वजह से गंगाजल के साथ गंगा की मिट्टी भी पूजा सामग्री का अहम हिस्सा बन गई है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए स्थानीय नाविक गंगा के सुदूर दियारा इलाके से मिट्टी निकालकर नावों के जरिए घाट तक पहुंचा रहे हैं। नावों पर कतारबद्ध मिट्टी की बिक्री हो रही है। लोग पांच से दस रुपये देकर अपनी जरूरत के मुताबिक मिट्टी खरीद रहे हैं। नाविक शंकर मांझी बताते हैं कि छठ के दौरान गंगा की मिट्टी का खास महत्व रहता है। इसी से चूल्हा बनाने और घरों की लिपाई-पुताई का काम किया जाता है। मिट्टी लाने में काफी मेहनत और दूरी तय करनी पड़ती है। वे सामान्य दिनों में खेती करते हैं, जबकि छठ के मौके पर मिट्टी बेचकर अतिरिक्त आमदनी हासिल करते हैं।

पश्चिम बंगाल के खोरीबाड़ी से पहुंचीं अनिता महतो ने बताया कि उनके इलाके में गंगा की मिट्टी उपलब्ध नहीं होती। इसलिए वे यहां से मिट्टी खरीदकर ले जाती हैं। इसी से चूल्हा बनाकर छठ का प्रसाद तैयार करती हैं। उनके मुताबिक, गंगा स्नान के बाद ही वे घर लौटकर पूजा-अर्चना करती हैं।इस तरह मनिहारी घाट पर मिट्टी की खरीदारी महज कारोबार नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और सदियों पुरानी लोक परंपरा का प्रतीक बन गई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह