Bihar News: बिहार में तीन दिवसीय कुश्ती दंगल, कश्मीर-दिल्ली के पहलवानों में जोरदार भिड़ंत
Bihar News: काली पूजा के पावन अवसर पर बरारी प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के बखिया रानीचक में काली पूजा समिति की ओर से तीन दिवसीय पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
Bihar News: काली पूजा के पावन अवसर पर बरारी प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के बखिया रानीचक में काली पूजा समिति की ओर से तीन दिवसीय पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस दंगल में बिहार समेत दिल्ली, कश्मीर, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अपनी शारीरिक ताकत, फुर्ती और कुश्ती के हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच और जोरदार पटखनी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। तीन दिनों तक चले इस खेल आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी तादाद में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। पूरा परिसर दर्शकों की तालियों और पहलवानों के उत्साहवर्धन से गूंजता रहा।
प्रतियोगिता का सबसे दिलचस्प और रोमांचक मुकाबला अंतिम दिन देखने को मिला, जब कश्मीर और दिल्ली के पहलवान आमने-सामने अखाड़े में उतरे। दोनों के बीच कांटे की टक्कर हुई। एक-दूसरे को मात देने के लिए पहलवानों ने दमखम के साथ कई शानदार दांव आजमाए। दर्शक अंत तक सांसें थामकर मुकाबले का लुत्फ उठाते रहे।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने पहलवानों की हौसलाअफजाई की और पारंपरिक कुश्ती को ग्रामीण संस्कृति की अनमोल विरासत बताया। उन्होंने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए खेल परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कुश्ती समिति के सदस्यों ने कहा कि दंगल महज मनोरंजन नहीं, बल्कि नौजवानों के जिस्मानी और जेहनी विकास का भी बेहतर जरिया है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ पारंपरिक खेल संस्कृति को जिंदा रखने में अहम किरदार निभाते हैं। प्रतियोगिता की कामयाबी से आयोजकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह