Bihar Crime News : कटिहार में कलयुगी बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर की पिता की हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar Crime News : कटिहार में घरेलू विवाद के दौरान एक पुत्र ने अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई......पढ़िए आगे

पुत्र ने की पिता की हत्या - फोटो : SHYAM

KATIHAR : जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरसिंहपुर पंचायत के बोला टोला वार्ड संख्या-9 में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ घरेलू विवाद के दौरान एक कलयुगी पुत्र ने अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके और गाँव में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान 43 वर्षीय चंदन सिंह के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी सविता देवी ने बताया कि उनके पति अक्सर शराब के नशे में धुत होकर घर लौटते थे और उनके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार किया करते थे। मंगलवार की रात भी नशे में धुत चंदन सिंह घर पहुँचे और पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े और मां के साथ मारपीट होता देख 20 वर्षीय पुत्र सुदाम सिंह अपनी मां का बचाव करने बीच-बचाव में पहुँचा। इस दौरान पिता और पुत्र के बीच कहासुनी काफी बढ़ गई। गुस्से में आकर सुदामा ने अपने पिता के हाथ से लाठी छीन ली और उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर आजमनगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया। परिजनों के आग्रह पर घायल चंदन सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और घरेलू विवाद के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद से पूरे गाँव में शोक और सन्नाटे का माहौल व्याप्त है।

श्याम की रिपोर्ट