कटिहार पुलिस की बड़ी सफलता! 24 घंटे के अंदर अपहरण और रंगदारी कांड का खुलासा, बाबा डॉन समेत 4 को दबोचा

कटिहार के तीनगछिया निवासी से 3 लाख की रंगदारी मांगने और दो भाइयों का किडनैपिंग करने वाले मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ 'बाबा डॉन' समेत 4 कुख्यात बदमाशों को SIT ने गिरफ्तार किया।

कटिहार नगर थाना क्षेत्र में हुए रंगदारी और अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर दिया और मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ 'बाबा डॉन' समेत चार अपराधियों को धर दबोचा। इस संबंध में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच तेजी से की जा रही है।


3 लाख की रंगदारी और देर रात दो भाइयों का किडनैपिंग

घटना की शुरुआत 21 जुलाई को दर्ज कराई गई एक प्राथमिकी से हुई, जिसमें तीनगछिया निवासी मुख्तार अंसारी ने आरोप लगाया था कि आरोपी उनसे लगातार रंगदारी मांग रहे थे। पहले भी नकद पैसे ऐंठने के बावजूद आरोपियों ने 20 जुलाई को फिर से 3 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे वादी ने कुछ राशि दे भी दी, लेकिन उसी रात करीब 11 बजे बाबा डॉन अपने साथियों के साथ किराये के कमरे में घुसा और मुख्तार के दो भाइयों—सिराज अंसारी और सौहेल अंसारी का अपहरण कर लिया।


SIT की ताबड़तोड़ छापेमारी और 4 अभियुक्त दबोचे गए

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने मानवीय सूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) और गुप्त इनपुट के आधार पर विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहरण के इस मामले में शामिल मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन (23), राजीव यादव (23), पवन महतो (25) और राहुल कुमार (24) को गिरफ्तार कर लिया।


मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई

एसडीपीओ विशाल आनंद ने खुलासा किया कि पकड़ा गया मुख्य आरोपी अमित कुमार मिश्रा उर्फ 'बाबा डॉन' एक आदतन अपराधी है। वह इससे पहले भी आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार) और चोरी जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, वहीं इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

कटिहार से श्याम की रिपोर्ट