Bihar News: 19 करोड़ में बदला कटिहार जंक्शन का रंग-रूप, रंग-बिरंगी रोशनी, फाउंटेन और सोलर पार्क ने बढ़ाई स्टेशन की खूबसूरती, सेल्फी का नया ठिकाना बना परिसर

Bihar News: निर्माण और सौंदर्यीकरण के साथ स्टेशन की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है और रात में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता परिसर लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है।...

सेल्फी का नया ठिकाना- फोटो : reporter

Bihar News: पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शुमार कटिहार जंक्शन अब नए और आकर्षक अंदाज में नजर आने लगा है। करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन परिसर के कायाकल्प का काम किया जा रहा है। निर्माण और सौंदर्यीकरण के साथ स्टेशन की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है और रात में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता परिसर लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है।कटिहार जंक्शन पर देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्टेशन परिसर में कहीं कलरफुल फाउंटेन, तो कहीं आकर्षक लाइटिंग और सोलर पार्क यात्रियों और स्थानीय लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए लोग जमकर सेल्फी ले रहे हैं। स्टेशन का बदला हुआ लुक अब लोगों के लिए सेल्फी का नया डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।

रात के वक्त स्टेशन परिसर का नजारा और भी दिलकश हो जाता है। रंगीन रोशनी से सजा पूरा परिसर किसी खूबसूरत पर्यटन स्थल जैसा नजर आता है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्री भी इसकी खूबसूरती की तस्वीरें और वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले की तुलना में स्टेशन परिसर का माहौल काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। सौंदर्यीकरण के साथ यात्रियों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

कायाकल्प कार्य के उद्घाटन के मौके पर एनएफ रेलवे मंडल के जीएम ने बताया कि कटिहार स्टेशन के विकास और सौंदर्यीकरण का काम अभी जारी है। आने वाले दिनों में स्टेशन का स्वरूप और बेहतर होगा।उन्होंने उम्मीद जताई कि काम पूरा होने के बाद कटिहार जंक्शन देश के खूबसूरत और आधुनिक रेलवे स्टेशनों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

करीब 19 करोड़ रुपये की इस परियोजना से कटिहार जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप से लैस करने की कवायद जारी है। रेल यात्रियों के लिए स्टेशन अब सिर्फ ट्रेन पकड़ने की जगह नहीं, बल्कि बदलते कटिहार की नई तस्वीर और खूबसूरत सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी पहचान बनाने लगा है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह