Bihar News : कटिहार में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी साजिश किया नाकाम, पाकिस्तानी गैंगस्टर्स के संपर्क में रहने वाला 'लाइनर' हुआ गिरफ्तार
Bihar News : पाकिस्तानी आतंकवादी गिरोह के लाइनर मोहम्मद अहद को केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों तथा कटिहार पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे
KATIHAR : केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों तथा कटिहार पुलिस की एक संयुक्त टीम ने एक बड़े देश विरोधी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पाकिस्तानी आतंकवादी गिरोह के एक मुख्य 'लाइनर' को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मूसापुर से मोहम्मद अहद नाम के एक संदिग्ध को दबोचा है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद सीमांचल समेत पूरे बिहार के सुरक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई है।
पकड़े गए आरोपी मोहम्मद अहद पर आरोप है कि वह पाकिस्तान में बैठे खूंखार गैंगस्टर्स और आतंकी नेटवर्क के सरगनाओं के सीधे संपर्क में था। जांच में यह बात सामने आई है कि अहद सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन और शहजाद भट्टी जैसे आतंकी नेटवर्क के प्रमुखों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए था। एजेंसियां इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही हैं कि इस नेटवर्क के जरिए देश में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना तो नहीं बनाई जा रही थी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहम्मद अहद इन पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ संवाद करने के लिए व्हाट्सएप, फेसबुक और कई अन्य इंक्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा था। वह भारत में बैठकर उनके दिशा-निर्देशों पर काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को उसके पास से कई संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य और मैसेज मिले हैं, जो सीधे तौर पर सीमा पार बैठे देश विरोधी तत्वों से उसके जुड़ाव को साबित करते हैं।
सुरक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार मोहम्मद अहद को इस नेटवर्क में एक बेहद अहम और खतरनाक जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस पर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल और देश के खिलाफ नफरत रखने वाले स्थानीय लोगों को एकजुट करने तथा उनका एक मजबूत सिंडिकेट तैयार करने का जिम्मा था। वह पाकिस्तानी आकाओं के इशारे पर स्थानीय स्तर पर स्लीपर सेल या देश विरोधी तत्वों की फौज तैयार करने के प्रयास में लगा हुआ था।
फिलहाल, केंद्रीय और स्टेट इंटेलिजेंस की बड़ी एजेंसियां तथा कटिहार पुलिस की संयुक्त टीम मोहम्मद अहद को किसी गुप्त स्थान पर रखकर लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके बैंक खातों, फंडिंग के स्रोतों और स्थानीय संपर्कों को खंगालने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिहार या देश के अन्य हिस्सों में उसके तार और कहां-कहां जुड़े हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर कई अन्य चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
श्याम की रिपोर्ट