Bihar Railway Ticket Scam:तत्काल टिकट काउंटर पर बिचौलिया तंत्र के हावी, दलाली के आरोप जमकर हुआ बवाल, हरकत में रेलवे के अधिकारी

Bihar Railway Ticket Scam: टिकट काउंटर पर कथित बिचौलिया तंत्र के हावी होने के आरोपों के बीच स्थानीय यात्रियों और कुछ लोगों के बीच जमकर तकरार, नोकझोंक और तू-तू मैं-मैं हुई।

तत्काल टिकट काउंटर पर बिचौलिया तंत्र के हावी- फोटो : reporter

Bihar Railway Ticket Scam:कटिहार जिले के तेलता रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर बवाल ने रेलवे व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। टिकट काउंटर पर कथित बिचौलिया तंत्र के हावी होने के आरोपों के बीच स्थानीय यात्रियों और कुछ लोगों के बीच जमकर तकरार, नोकझोंक और तू-तू मैं-मैं हुई। इस पूरे हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया और रेल प्रशासन को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा।

स्थानीय लोगों का इल्जाम है कि तत्काल टिकट बनवाने के लिए आम मुसाफिरों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जबकि कथित दलाल अपने प्रभाव के दम पर टिकट हासिल कर लेते हैं। इसी मुद्दे को लेकर टिकट काउंटर पर माहौल गरमा गया और देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर टिकट दलाली के आरोप लगाते हुए बहस करते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद कटिहार रेल मंडल ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए आरपीएफ और कॉमर्शियल विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि टिकट दलाली की पुष्टि नहीं हुई है, बल्कि कुछ लोगों ने लाइन तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके कारण विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई की नौबत तक पहुंच गया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आरपीएफ से विस्तृत जांच कराई गई है और फिलहाल किसी संगठित दलाली नेटवर्क के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि कोई व्यक्ति जबरन लाइन तोड़कर टिकट बुक कराने की कोशिश करेगा या व्यवस्था में बाधा डालेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने तेलता स्टेशन की टिकट व्यवस्था पर बहस तेज कर दी है। यात्रियों की मांग है कि तत्काल टिकट प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और काउंटर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और टिकट व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रह सके।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह