तीसरी सोमवारी पर दर्दनाक हादसा, नहाने गए एक ही परिवार के 5 बच्चे नदी में डूबे, 3 की मौत, 2 को ग्रामीणों ने बचाया

Bihar River Accident: तीसरी सोमवारी के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।...

5 बच्चे नदी में डूबे- फोटो : reporter

Bihar  River Accident: कटिहार के फलका प्रखंड में तीसरी सोमवारी के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। मोरसंडा पंचायत स्थित कमला नदी में स्नान करने और पूजा के लिए जल लेने पहुंचे एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।बताया जा रहा है कि तीसरी सोमवारी की पूजा को लेकर पांच बच्चे कमला नदी पहुंचे थे। सभी बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे और पूजा के लिए जल लेने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पांचों बच्चे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

शोर सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत नदी की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं तीन बच्चे पानी में गंभीर अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस परिवार में सोमवारी की पूजा को लेकर उत्साह था, वहां देखते ही देखते मातम छा गया।

हादसे की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के बीच नदी में बच्चों के डूबने की घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।तीसरी सोमवारी पर धार्मिक आस्था के तहत नदी में स्नान और जल लेने गए बच्चों के साथ हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

फिलहाल घटना के बाद प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में स्नान के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे ने एक बार फिर श्रद्धालुओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह