Bihar News: सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन की अनोखी पहल, पुलिस ने बिना हेलमेट चालकों को थमाए हेलमेट

Bihar News: पुलिस का एक अनोखा और सराहनीय चेहरा सामने आया है।

सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन की अनोखी पहल- फोटो : reporter

Bihar News: पुलिस का एक अनोखा और सराहनीय चेहरा सामने आया है। बिहार पुलिस सप्ताह के तहत बिहार पुलिस की कटिहार यातायात थाना टीम ने ट्रैफिक नियमों को लेकर ऐसा अभियान चलाया, जिसने शहरवासियों का दिल जीत लिया। अमर जवान चौक समेत शहर के व्यस्त इलाकों में वाहन जांच के दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले चालकों को रोका गया, लेकिन जुर्माना ठोकने के बजाय उन्हें हेलमेट भेंट कर सड़क सुरक्षा का पैगाम दिया गया।

अक्सर ट्रैफिक चेकिंग का नाम सुनते ही लोगों के जेहन में चालान और जुर्माने का खौफ आता है, मगर इस बार नज़ारा कुछ और था। पुलिसकर्मियों ने सख्ती के साथ नरमी का तड़का लगाते हुए नियम तोड़ने वालों को समझाया कि सड़क पर लापरवाही किसी भी वक्त जानलेवा साबित हो सकती है।

यातायात डीएसपी सद्दाम हुसैन ने साफ कहा कि सड़क हादसों की बड़ी वजह नियमों की अनदेखी है। उन्होंने अपील की कि लोग जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सलामती के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें। उनका कहना था कि “सुरक्षा कोई विकल्प नहीं, बल्कि ज़िम्मेदारी है।”

इस विशेष अभियान के दौरान कई चालकों को मौके पर ही हेलमेट पहनाकर जागरूक किया गया। पुलिस ने यह भी संदेश दिया कि नियमों का पालन करने से न केवल हादसे कम होंगे, बल्कि परिवारों की खुशियां भी सुरक्षित रहेंगी।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की खुलकर सराहना की। उनका कहना है कि अगर पुलिस का यह मानवीय और सकारात्मक रवैया लगातार जारी रहा, तो ट्रैफिक नियमों को लेकर लोगों की सोच में बड़ा बदलाव आएगा।

कटिहार पुलिस की यह पहल साबित करती है कि कानून सिर्फ सजा देने के लिए नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने के लिए भी होता है। सड़क सुरक्षा की यह मुहिम अब चर्चा का विषय बन चुकी है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह