Bihar urea black marketing: बिहार में जमकर हो रही है खाद की कालाबाजारी, यूरिया के नाम पर लूट, किसानों ने डीएम से की शिकायत

Bihar urea black marketing: बिहार में यूरिया खाद की कालाबाजारी ने किसानों की कमर तोड़ दी है।...

बिहार में जमकर हो रही है खाद की कालाबाजारी- फोटो : reporter

Bihar urea black marketing: बिहार में यूरिया खाद की कालाबाजारी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। सीमांचल के कटिहार जिले में पिछले कुछ दिनों से खाद दुकानदारों पर सरकार द्वारा तय दर से अधिक कीमत वसूलने के आरोप लग रहे थे। लेकिन इस बार एक महिला किसान ने डिजिटल सबूत के साथ पूरा खेल उजागर कर दिया है।

प्राणपुर थाना क्षेत्र के जल्ला गांव की किसान अनीता देवी ने यूरिया खरीदते समय दुकानदार द्वारा अधिक दाम मांगने और लेने का वीडियो बना लिया। यानी किसान ने खुद “स्ट्रिंग ऑपरेशन” कर कालाबाजारी का भंडाफोड़ कर दिया। वीडियो में साफ तौर पर तय मूल्य से ज्यादा रकम वसूले जाने का दावा किया जा रहा है।

किसानों और किसान नेताओं का कहना है कि यह कोई पहली शिकायत नहीं है। कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई गई, मगर हर बार आरोपों को महज अफवाह कहकर नजरअंदाज कर दिया गया। इस बार पीड़ित किसान वीडियो प्रमाण के साथ जिला कृषि पदाधिकारी और जिलाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मामले पर जिलाधिकारी ने कहा है कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है। कृषि विभाग को टास्क फोर्स बनाकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लेकिन बड़ा सवाल अब भी कायम हैअगर प्रशासन सचमुच सख्त है, तो फिर बार-बार प्रमाण के साथ शिकायतों के बावजूद संबंधित दुकान पर अब तक ठोस जांच क्यों नहीं शुरू हुई? क्या किसानों की मेहनत की कमाई यूं ही लुटती रहेगी?

रबी सीजन में यूरिया की जरूरत चरम पर है और ऐसे वक्त में कालाबाजारी का यह खेल किसानों के जख्म पर नमक छिड़कने जैसा है। अब देखना होगा कि वीडियो सबूत के बाद प्रशासन की कार्रवाई कितनी तेज और असरदार होती है, या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह