खगड़िया में प्रेम प्रसंग को लेकर गोलीबारी: दो अभियुक्त गिरफ्तार, एक किशोर विधि विरुद्ध निरुद्ध
खगड़िया जिले में प्रेम-प्रसंग को लेकर हुई गोलीबारी में एक युवक गोली लगने से गंभीर रुप घायल हो गया। घटना में पुलिस ने त्वरति कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है.....
Khagaria : जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेघाय में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
पीड़ित का फर्दबयान और प्रेम प्रसंग का खुलासा
बेगूसराय में इलाज के दौरान घायल पीड़ित मुस्कान कुमार ने अपना फर्दबयान दर्ज कराया। उसने पुलिस को बताया कि उसका एक मुस्लिम लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी रंजिश के चलते लड़की के परिवार के लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से 3 अक्टूबर को बाइक पर सवार होकर उसके साथ मारपीट की और गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन
घटना की गंभीरता और सनसनीखेज प्रकृति को देखते हुए खगड़िया के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पसराहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापामारी की और घटना में संलिप्त मुख्य अभियुक्तों को दबोच लिया।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मोटरसाइकिल बरामदगी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान मोहम्मद नदीम (पिता: मोहम्मद आबिद, निवासी: तिहाय) और मोहम्मद शहजाद (पिता: मेजों बैठा, निवासी: झांझर, थाना: पसराहा) के रूप में हुई है। इसके अलावा, इस मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
प्राथमिकी दर्ज और आगे की कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में पसराहा थाना भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
अमित की रिपोर्ट