Bihar News : खगड़िया के सरैया मध्य विद्यालय में मिड-डे मील में निकले कीड़े, छात्र की पिटाई पर भड़के ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला

Bihar News : खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत पश्चिमी बौर्ने पंचायत के सरैया गांव स्थित मध्य विद्यालय में बुधवार को मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) में कीड़े मिलने के आरोप के बाद जबरदस्त हंगामा हो गया।

मिड डे मील में मिले कीड़े - फोटो : AMIT

KHAGARIA : जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत पश्चिमी बौर्ने पंचायत के सरैया गांव स्थित मध्य विद्यालय सरैया में बुधवार को मिड-डे मील में कीड़े मिलने के आरोप के बाद जमकर हंगामा हो गया। छात्रों और अभिभावकों के विरोध के बीच स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय में ताला जड़ दिया, जिससे पूरे दिन पठन-पाठन पूरी तरह ठप रहा। छात्रों और अभिभावकों का आरोप है कि मध्यान्ह भोजन में कीड़े पाए गए। जब छात्रों ने इसकी शिकायत शिक्षकों से की तो विद्यालय में कार्यरत शिक्षक दयानंद रजक ने कथित तौर पर शिकायत करने वाले छात्रों की पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए।

शिक्षक से मारपीट

घटना से नाराज लोगों ने शिक्षक के साथ भी मारपीट की। सूचना मिलने पर चौथम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शिक्षक को सुरक्षित थाने ले गई। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी मिलते ही प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार, चौथम बीडीओ रंजीत कुमार, प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, कल्याण पदाधिकारी नितेश कुमार सहित अन्य अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग दोषियों पर कार्रवाई और विद्यालय व्यवस्था में सुधार की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। हंगामे और तालाबंदी के कारण विद्यालय में पूरे दिन शैक्षणिक गतिविधियां बाधित रहीं। अभिभावकों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और विद्यालय की व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा।

पहले भी हो चुके हैं कई विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि मध्य विद्यालय सरैया लगातार विवादों में रहा है। उनका आरोप है कि केवल जुलाई महीने में ही चार से पांच बार विभिन्न कारणों से विवाद की स्थिति बनी है। पिछले कई वर्षों से विद्यालय में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच तनाव बना रहता है तथा कई बार तालाबंदी भी हो चुकी है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हर बार जांच का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि विद्यालय की अव्यवस्था को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को कई बार लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है।

अधिकारी से शिकायत

ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिलकर विद्यालय की व्यवस्था सुधारने, दोषियों पर कार्रवाई करने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करेगा। उनका कहना है कि यदि इस बार भी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। फिलहाल पूरे मामले की जांच शिक्षा विभाग और प्रशासन द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

अमित की रिपोर्ट