खगड़िया पुलिस, DIU और STF की बड़ी कार्रवाई: 50 हजार का इनामी कुख्यात कैलाश उर्फ कारे यादव को दबोचा

फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खगड़िया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले की पुलिस ने DIU और STF के साथ संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए 50 हजार के इनामी कुख्यात कारे यादव को गिरफ्तार कर लिया है....

50 हजार का इनामी कुख्यात कारे यादव गिरफ्तार- फोटो : अमित कुमार

Khagaria : जिले में फरार व वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस, जिला सूचना आसूचना इकाई (DIU) और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने 1 अक्टूबर 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी कैलाश यादव उर्फ कारे यादव को परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित करना चौक पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।


हत्या और शराब तस्करी के मामलों में लंबे समय से था वांछित

गिरफ्तार अपराधी की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के बरहरा (पोस्ट- अगवानी) निवासी दशरथ यादव के पुत्र कैलाश यादव उर्फ कारे यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ परबत्ता थाने में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वह परबत्ता थाना कांड संख्या 57/25 (हत्या का मामला) और कांड संख्या 09/25 (बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30A के तहत शराब तस्करी का मामला) में लंबे समय से फरार चल रहा था।


चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी चल रहा था फरार, घोषित था 50 हजार का इनाम

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के ऐसे कुख्यात और फरार अपराधियों की सूची तैयार की गई थी, जिनके खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल हो चुकी थी लेकिन वे पुलिस की पकड़ से बाहर थे। ऐसे ही शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए राज्य स्तर से इनाम घोषित किया गया था, जिसमें कैलाश यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।


अदालत में पेशी और आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही खगड़िया पुलिस उसके अन्य जिलों व थानों में दर्ज संभावित आपराधिक इतिहास और नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

अमित की रिपोर्ट