Bihar News : दाँव पड़ा उल्टा ! महिला पुलिसकर्मी से ऐंठे 10.83 लाख रूपये, ब्लैकमेलिंग का केस हुआ तो पति को फंसाने के लिए रची साजिश, दो भाई गिरफ्तार

Bihar News : खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

साजिश का खुलासा - फोटो : AMIT

KHAGARIA : जिले के पसराहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक साजिश का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बदला लेने की नीयत से एक व्यक्ति के बासा पर गांजा, शराब, देशी कट्टा, कारतूस और खोखा रखकर पुलिस को झूठी सूचना दी गई थी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात करीब 10:18 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दुधैला निवासी सतीश कुमार मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, गांजा और हथियार लेकर अपने घर आ रहा है। 

ताबड़तोड़ कार्रवाई की मांग 

सूचना देने वाले अमन राज ने पुलिस को सतीश के बासा की घेराबंदी कराने की बात भी कही। पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो सूचना देने वाला अमन राज, उसका भाई रंजन कुमार और दो अन्य अज्ञात लोग मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने सतीश कुमार के बासा पर छापेमारी की, जहां से 200 ग्राम गांजा, 5.625 लीटर अंग्रेजी शराब, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और चार खोखा बरामद किए गए।

पुलिस को सूचना देने वाले पर ही हुआ शक

पुलिस के मुताबिक, अमन राज जिस तरह से पूरे आत्मविश्वास के साथ पुलिस को सूचना दे रहा था और कार्रवाई के लिए बार-बार वरीय पदाधिकारियों को फोन कर रहा था, उससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर अमन राज से गहन पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि पसराहा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला, जो वर्तमान में बिहार पुलिस में कार्यरत है, वर्ष 2022 में अमन राज के संपर्क में आई थी। पुलिस का दावा है कि अमन राज ने महिला के अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और अलग-अलग तिथियों में UPI के माध्यम से करीब ₹10,83000 लिए। महिला के आवेदन पर अमन राज के खिलाफ पसराहा थाना कांड संख्या 214/26, दिनांक 03 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया था।

बदला लेने के लिए पति को फंसाने की साजिश का आरोप

पुलिस के अनुसार, इसी मामले को लेकर बदला लेने की भावना से अमन राज, उसके भाई रंजन कुमार और दो अन्य अज्ञात लोगों ने साजिश रची। आरोप है कि सतीश कुमार के बासा पर गांजा, शराब और हथियार रखकर पुलिस को इसकी सूचना दी गई, ताकि सतीश कुमार को अवैध हथियार और मादक पदार्थ के मामले में फंसाया जा सके। मामले में पसराहा थाना कांड संख्या 215/26, दिनांक 04 अक्टूबर 2026 दर्ज कर अमन राज और रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS, NDPS Act, बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।

अमित की रिपोर्ट