Bihar Earthquake: बिहार में भूकंप के तेज झटके, घर से निकल कर भागने लगे लोग, दहशत का माहौल, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5 से ज्यादा

Bihar Earthquake: बिहार में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं।...

बिहार में भूकंप के तेज झटके- फोटो : social Media

Bihar Earthquake: बिहार में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। सीमावर्ती जिले किशनगंज में रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी और खौफ का माहौल पैदा हो गया, जब रात करीब 11:06 बजे अचानक धरती कांप उठी। करीब 10 सेकेंड तक महसूस हुए भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। कंपन इतना स्पष्ट था कि कई लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों, गलियों और खुले मैदानों की तरफ दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि जिले के किसी भी इलाके से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है।

 भूकंप का केंद्र भूटान के पुनाखा क्षेत्र से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। भूकंप का असर केवल भूटान या भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके झटके बांग्लादेश, नेपाल और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए।

भारत में पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में इसका असर ज्यादा देखा गया। वहीं बिहार के किशनगंज, बहादुरगंज, ठाकुरगंज और टेढ़ागाछ जैसे इलाकों में लोगों ने कंपन को साफ तौर पर महसूस किया। रात का समय होने की वजह से अधिकांश लोग आराम या सोने की तैयारी में थे, लेकिन अचानक आए झटकों ने लोगों की नींद और सुकून दोनों छीन लिए।

विशेषज्ञों के अनुसार पृथ्वी की सतह सात बड़ी और कई छोटी टेक्टोनिक प्लेटों से बनी हुई है। ये प्लेटें लगातार गतिशील रहती हैं। जब दो प्लेटें आपस में टकराती हैं या उनके बीच अत्यधिक दबाव बनता है, तो चट्टानों में जमा ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है। इसी ऊर्जा के विस्फोट से धरती में कंपन पैदा होता है, जिसे भूकंप कहा जाता है।फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन देर रात आए इन झटकों ने एक बार फिर प्रकृति की ताकत का एहसास करा दिया।