Patna Crime: पटना में दीपावली की रात खूनी वारदात, ढाबा संचालक को मारी गोली, पटना रेफर

Patna Crime:पटना जिलेमें दीपावली की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।...

Patna Crime
पटना में धांय- धांय- फोटो : reporter

Patna Crime:पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में दीपावली की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाढ़ थाना क्षेत्र में स्थित 'बाबा का ढाबा' के संचालक प्रमोद को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल प्रमोद को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।

बिजली कनेक्शन के विवाद में गोली मारने का आरोप

घायल प्रमोद के भाई मिथिलेश ने घटना को लेकर बताया कि वह वारदात के वक्त अपने घर गया हुआ था। उसका भाई प्रमोद किराये पर ढाबा लेकर कारोबार चलाता है और घटना के समय ढाबे पर ही मौजूद था।मिथिलेश के मुताबिक, ढाबे की जमीन के मालिक और उनके चचेरे भाई के बीच बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान जमीन मालिक के चचेरे भाई ने प्रमोद को गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम और गोली चलाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

गंभीर हालत में पटना रेफर, अस्पताल पहुंचे एसडीपीओ

गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल प्रमोद को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया।घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे और घायल के परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटनाक्रम के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किए जाने की बात कही।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

दीपावली की रात हुई इस गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मामूली बिजली कनेक्शन के विवाद में ढाबा संचालक को गोली मारने की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घायल प्रमोद का पटना में इलाज जारी है। पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

रिपोर्ट- रविशंकर