Bihar Fire: पटाखे की चिंगारी से कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, चौथी मंजिल से उठीं लपटें, मची अफरा-तफरी

Bihar Fire: किशनगंज में दीपावली की खुशियों के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ..

कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग- फोटो : X

Bihar Fire: किशनगंज में दीपावली की खुशियों के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रविवार देर रात शहर के व्यस्त नेमचंद रोड स्थित एक कपड़े की दुकान की ऊपरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान की चौथी मंजिल से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसमान में धुएं का घना गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की वजह पटाखे से निकली चिंगारी बताई जा रही है।

पटाखे की चिंगारी बनी अगलगी की वजह

मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर रविवार देर रात इलाके में लोग पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान एक पटाखे से निकली चिंगारी कपड़े की दुकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई। आशंका है कि इसी वजह से वहां आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी और चौथी मंजिल से धुआं और लपटें निकलने लगीं।दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को आशंका सताने लगी कि कहीं आग आसपास की दुकानों और दूसरी इमारतों तक न पहुंच जाए।

एक छोटी और दो बड़ी दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम हरकत में आई। आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एक छोटी और दो बड़ी दमकल गाड़ियों को भेजा गया। घटनास्थल पर पहुंचते ही अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।आग दुकान की ऊपरी मंजिल पर लगी होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, टीम ने तत्परता दिखाते हुए लगातार पानी की बौछार की और काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

अग्निशमन पदाधिकारी ने दी घटना की जानकारी

अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रदेव कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही विभाग की ओर से तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर रवाना किया गया था। इनमें एक छोटी और दो बड़ी गाड़ियां शामिल थीं। सभी गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि आग कपड़े की दुकान की ऊपरी मंजिल पर लगी थी।

समय रहते आग पर काबू, टला बड़ा हादसा

दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों और इमारत के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। दीपावली की रात हुई इस घटना ने बाजारों में पटाखों के इस्तेमाल और अग्नि सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल इस घटना में हुए कुल आर्थिक नुकसान का विस्तृत ब्योरा सामने आना बाकी है। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास के दुकानदारों ने राहत की सांस ली।