Muharram accident: मधुबनी में मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत

Muharram accident: मधुबनी के मेघवन गांव में मुहर्रम ताजिया जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इस दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर 23 वर्षीय युवक अमरजीत कुमार की मौत हो गई।

मधुबनी में मातम के बीच हादसा- फोटो : freepik

Muharram accident:  बिहार के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के मेघवन गांव में मुहर्रम के ताजिया मिलान के दौरान शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 23 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम छा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान मेघवन गांव के वार्ड 13 निवासी तेज नारायण यादव के 23 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मेघवन गांव से ताजिया मिलान के लिए डीजे लगे ट्रैक्टर के साथ जुलूस करदहुली की ओर जा रहा था। बड़ी संख्या में लोग इस जुलूस में शामिल थे और पारंपरिक खेल का प्रदर्शन भी कर रहे थे।

घर में चीख-पुकार मच गई

इसी दौरान अमरजीत कुमार भी जुलूस देखने के लिए भीड़ में मौजूद था। बताया जा रहा है कि अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के नीचे गिर गया। इसके बाद ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद जुलूस में मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमरजीत कुमार को जल्दी से अस्पताल पहुंचाया गया। उसे बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही घटना की जानकारी परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाने का प्रयास कर रही थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी की लापरवाही थी या नहीं।