Bihar Amrit Bharat Express: मिथिला-सीमांचल को रेलवे की बड़ी सौगात, चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, झंझारपुर से अररिया तक खुशी की लहर, नई ट्रेन से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

Bihar Amrit Bharat Express: भारतीय रेल ने मिथिला और सीमांचल के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात दी है।...

मिथिला और सीमांचल को मिली आधुनिक ट्रेन की सौगात- फोटो : X

Bihar Amrit Bharat Express: भारतीय रेल ने मिथिला और सीमांचल के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेलवे बोर्ड ने न्यू जलपाईगुड़ी और अमृतसर के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद उत्तर बिहार, सीमांचल और मिथिला क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नई ट्रेन शुरू होने से बिहार, बंगाल और पंजाब के बीच सीधा रेल संपर्क और मजबूत होगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं और पुश-पुल तकनीक वाले कोच के साथ चलाई जाएगी। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। अमृत भारत एक्सप्रेस को भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की ट्रेनों में शामिल किया जाता है, जिसमें बेहतर सीटिंग व्यवस्था, आधुनिक डिजाइन और तेज रफ्तार जैसी सुविधाएं दी जाती हैं।

रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 14664/14663 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी। अमृतसर से यह ट्रेन हर गुरुवार दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी और शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वहीं वापसी में न्यू जलपाईगुड़ी से ट्रेन शनिवार सुबह 8 बजे खुलेगी और सोमवार तड़के 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

इस नई ट्रेन से मिथिला और सीमांचल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को सीधा फायदा मिलेगा। ट्रेन झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, फारबिसगंज और अररिया समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके अलावा लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी और झंझारपुर जैसे बड़े स्टेशनों पर भी इसका ठहराव होगा।

नई रेल सेवा की सबसे खास बात यह है कि ट्रेन ललितग्राम बायपास और अररिया-गलगलिया नवनिर्मित रेलखंड से होकर भी गुजरेगी। इससे सीमांचल और उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के परिचालन से व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर पंजाब में काम करने वाले मजदूरों, कारोबारियों और छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

पूर्व मध्य रेलवे के डीपीआरओ ने बताया कि ट्रेन के नियमित परिचालन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। रेलवे की इस नई पहल को मिथिला और सीमांचल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

रिपोर्ट- धीरेंद्र कुमार