मधुबनी में सनसनीखेज वारदात : प्रेमी ने 22 वर्षीय नवविवाहिता पूर्व प्रेमिका को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, गांव में तनाव
मधुबनी जिले में एक पूर्व प्रेमी ने अपनी नवविवाहिता प्रेमिका की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच मे जुटी है....
Madhubani : जिले के झंझारपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लोहना दक्षिण पंचायत के वार्ड 12 स्थित सर्वसीमा गांव में रविवार की रात 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
क्या है पूरा मामला? (मां के साथ मारपीट के बाद उठाया खौफनाक कदम)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका काजल कुमारी दो दिन पूर्व ही अपनी मां सुनीता देवी के पास मायके आई थी। बताया जा रहा है कि गांव के ही विपुल चौधरी उर्फ जतिन ने काजल की मां के साथ मारपीट की थी। जब इसकी जानकारी काजल को मिली, तो वह अपनी मां के साथ थाने गई और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद वापस घर लौट आई।
इसी बात से रंजिश रखते हुए आरोपी विपुल चौधरी अपने एक अन्य साथी के साथ काजल को खोजते हुए पड़ोस के एक घर तक पहुंच गया। वहां चापाकल के पास उसने काजल पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए। इस बीच बीच-बचाव करने आई एक अन्य महिला को भी चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल काजल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रेम-संबंध और 10 हजार रुपये के विवाद की चर्चा
स्थानीय स्तर पर सामने आ रही जानकारियों के मुताबिक, मृतका काजल का पहले आरोपी विपुल चौधरी के साथ प्रेम-संबंध था। बाद में उसने दरभंगा जिले के उजान सोनपुर उजान गांव निवासी शिवम राय उर्फ बाला के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। चर्चा है कि दोनों के बीच बाइक की किस्त के लिए दिए गए 10 हजार रुपये को लेकर भी विवाद चल रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की असल वजहों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मृतका के पिता का निधन वर्ष 2002 में हो चुका है और उसकी मां ही परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम कर रही है जांच
पोस्टमार्टम के बाद जब काजल का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भैरवस्थान थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मौके पर एफएसएल (FSL) की तकनीकी टीम और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और मामले की बारीकी से जांच करने में जुटे हैं।