मधुबनी में मॉर्निंग वॉक पर निकलीं 3 महिलाओं को स्कॉर्पियो ने कुचला, हादसे के बाद सड़क पर बवाल, एक किमी तक लगा जाम

Bihar Crime: एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई।...

Madhubani: जिले के बेनीपट्टी में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसा बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बेनीपट्टी-रहिका मुख्य पथ स्थित एसएच-52 पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और पदाधिकारी पहुंचे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवटोली गांव की छह महिलाएं रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। टहलने के बाद सभी महिलाएं घर लौट रही थीं। इसी दौरान जगदंबा पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार और कथित तौर पर अनियंत्रित काले रंग की स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे चल रही महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।मृतकों की पहचान रीता देवी पति पच्चू साह, किरण देवी, पति राजू महतो और फूलदाई देवी, पति स्व. अरुण झा के रूप में हुई है। तीनों नवटोली (धकजरी) गांव की रहने वाली थीं। एक साथ गांव की तीन महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया।


तीन मौतों से भड़का गुस्सा, सड़क पर उतरे ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने एसएच-52 को जाम कर दिया और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग को लेकर विरोध जताया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस को शवों को घटनास्थल से हटाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क जाम हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ।जानकारी के मुताबिक, दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जबकि एक मृतका के शव को परिजन अपने साथ ले गए। पुलिस फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश में जुटी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्ती, सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। हादसे ने एक बार फिर सुबह के समय सड़कों पर बढ़ती रफ्तार और पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।