Bihar News: बिहार में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते राजस्वकर्मी और बिचौलिया गिरफ्तार, 30 हजार की थी डिमांड

Bihar News: बिहार में निगरानी ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी ने मधुबनी से रिश्वत लेते हुए राजस्वकर्मी और बिचौलिया को 30 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

रिश्वत लेते आरोपी गिरफ्तार - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी बीच बुधवार को एक बार फिर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मामला मधुबनी का है। जानकारी अनुसार बेनीपट्टी अंचल कार्यालय में छापेमारी कर निगरानी ने राजस्वकर्मी और बिचौलिया को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने के लिए कर्मियों ने रिश्वत की मांग की थी। 

30 हजार मांगी थी रिश्वत 

जानकारी के अनुसार, परजुआर पंचायत के दहिला गांव निवासी रविंद्र कुमार यादव से जमीन से अतिक्रमण हटाने के एवज में पहले 30 हजार रुपये की मांग की गई थी। जो बाद में 15 हजार रुपये पर तय हुई। शिकायतकर्ता को लंबे समय से कार्यालय के चक्कर कटवाए जा रहे थे और काम के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही थी।

राजस्वकर्मी और बिचौलिया गिरफ्तार 

वहीं बुधवार को दोपहर बाहर 12 बजे शिकायतकर्ता ने बिचौलिया के माध्यम से 10 हजार रुपए राजस्वकर्मी को दी, तभी निगरानी ने दोनों को दबोच लिया। निगरानी ने पहले से जाल बिछा रखा था। इसी दौरान टीम ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। जानकारी अनुसार बिचौलिया परमानंद झा अंचल कार्यालय के पास साइकिल पंचर की दुकान चलाता है और वहीं से लोगों से संपर्क कर दलाली करता था। छापेमारी के दौरान टीम ने रिश्वत की राशि समेत अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी 

निगरानी टीम फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं। गौरतलब है कि बिहार में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है और निगरानी विभाग लगातार ऐसे मामलों में सख्त कदम उठा रहा है।