Bihar Crime : मोतिहारी में बाइक सवार बेख़ौफ़ बदमाशों ने सब्जी विक्रेता को मारी गोली, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : मोतिहारी शहर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है. जहां नगर थाना क्षेत्र के बलुआ टाल के पास बाइक सवार बदमाशों ने 21 वर्षीय एक युवक को गोली मार दी.....
MOTIHARI : शहर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के बलुआ टाल के पास बाइक सवार बदमाशों ने 21 वर्षीय युवक को गोली मार दी। गोली युवक के कंधे में लगी है। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के चमड़ा गोदाम निवासी सुखल साह के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, नीरज बलुआ बाजार में सब्जी की दुकान चलाते हैं। बताया जाता है कि वह अपनी दुकान से भुजा खाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सिटी कार्ट के पास दो बाइक पर सवार करीब छह बदमाश पहुंचे और उन्हें गोली मारकर फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल नीरज को सदर अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रहमानिया मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया। नीरज ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। परिजनों ने भी किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
हिमांशु की रिपोर्ट