Bihar News : मोतीहारी में शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल: एसडीओ की औचक जांच में 174 में से सिर्फ 8 छात्र मिले उपस्थित, 166 की बनी थी फर्जी हाजिरी

Bihar News : अरेराज एसडीओ सुजीत कुमार और बीडीओ आदित्य कुमार दीक्षित द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल में भारी अनियमितता और फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।

शिक्षा व्यवस्था में लूट - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतीहारी जिले के अरेराज अनुमंडल स्थित सोमेश्वरनाथ प्लस टू माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। अरेराज एसडीओ सुजीत कुमार और बीडीओ आदित्य कुमार दीक्षित द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल में भारी अनियमितता और फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। उपस्थिति पंजी में जहां 174 छात्रों के उपस्थित होने की एंट्री दर्ज थी, वहीं धरातल पर कक्षाओं में केवल 08 छात्र ही मौजूद मिले।

अरेराज बीडीओ और एसडीओ की इस संयुक्त जांच के दौरान स्कूल में कई गंभीर खामियां पाई गईं। निरीक्षण के समय कक्षाओं और रजिस्टरों का जो आंकड़ा सामने आया, उसमें वर्ग 9 में उपस्थिति पंजी दर्ज संख्या 11 है, जबकि भौतिक सत्यापन में केवल 8 छात्र थे। वर्ग 10 में उपस्थिति पंजी में दर्ज सख्या 10 थी, जबकि भौतिक सत्यापन में शून्य हाजिरी थी। वहीँ वर्ग 11 में उपस्थिति पंजी में दर्ज संख्या 57 थी जबकि भौतिक सत्यापन में शून्य छात्र थे। वर्ग 12 में उपस्थिति पंजी में दर्ज सख्या 82 थी, जबकि भौतिक सत्यापन में शून्य छात्र थे। 

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय में चार सेक्शन (A, B, C, D) संचालित होने के बावजूद केवल सेक्शन 'B' का ही उपस्थिति रजिस्टर उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा, वर्ग 10 के सेक्शन 'A' की उपस्थिति पंजी और वर्ग 12 कला संकाय के उपस्थिति के दो रजिस्टर पूरी तरह गायब मिले। कई रजिस्टरों के गायब मिलने और धरातल पर छात्रों की भारी कमी ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधिकारियों ने इसे विद्यालय प्रबंधन की पूर्ण विफलता, घोर अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता और विभाग को भ्रामक आंकड़े प्रस्तुत कर गुमराह करने की साजिश करार दिया है। इस गंभीर मामले को देखते हुए अरेराज बीडीओ द्वारा विद्यालय के प्रधानाध्यापक (HM) से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी, पूर्वी चम्पारण (मोतीहारी) को संस्तुति भेज दी जाएगी। इस औचक कार्रवाई से जिले के अन्य शिक्षा संस्थानों और लापरवाह कर्मियों में हड़कंप मच गया है। 

हिमांशु की रिपोर्ट