Chhath Puja 2026 : पैतृक गांव लखनपुर में स्वजनों संग छठ मना सकते हैं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, संभावित आगमन को लेकर मुंगेर प्रशासन अलर्ट

Chhath Puja 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर इस बार बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पैतृक गांव तारापुर प्रखंड के लखनपुर में परिवार और स्वजनों के बीच मौजूद रहेंगे।

परिजनों संग छठ पूजा - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : लोक आस्था के महापर्व छठ पर इस बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने पैतृक गांव तारापुर के लखनपुर में स्वजनों के बीच रहेंगे। मुख्यमंत्री 15 नवंबर की देर शाम सड़क मार्ग से लखनपुर पहुंच सकते हैं और 16 नवंबर की सुबह स्वजनों के साथ उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद ने अधिकारियों के साथ संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है। हालांकि, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस बार अपने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने के लिए पैतृक गांव लखनपुर पहुंच सकते हैं। स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री की छोटी बहन और भाभी छठ व्रत कर रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री 15 नवंबर की देर शाम सड़क मार्ग से लखनपुर पहुंचेंगे और 16 नवंबर की सुबह स्वजनों के साथ छठ घाट पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री के पैतृक आवास से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित उत्तर टोला लखनपुर छठ घाट पर अर्घ्य देने का कार्यक्रम संभावित है। इसके अलावा वह बड़ी दुर्गा मंदिर छठ घाट, रणगांव मंदिर शिवगंगा छठ घाट और धोबई छठ घाट भी जा सकते हैं। इन घाटों पर भी मुख्यमंत्री के अर्घ्य अर्पित करने की संभावना जताई जा रही है। स्वजनों के अनुसार, सुबह अर्घ्य अर्पित करने और प्रसाद ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो सकते हैं।

इधर, मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद ने अधिकारियों के साथ तारापुर पहुंचकर संभावित कार्यक्रम स्थलों और छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 16 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जन्मदिन भी है। हालांकि, सरकारी कार्यों की व्यस्तता के कारण इस बार स्वजनों के साथ जन्मदिन मनाने का कोई विशेष कार्यक्रम नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है। असरगंज की सरस्वती सेवा समिति की ओर से 16 नवंबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। फिलहाल मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर तारापुर में प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी हैं।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट