मोतिहारी कांड के बाद महाक्रैकडाउन, मुजफ्फरपुर में शराब माफियाओं पर टूटा पुलिस का कहर, छापेमारी में बड़े नेटवर्क का हुआ खुलासा

Bihar Crime: जहरीली शराब से हुई दर्दनाक मौतों के बाद प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया है...

पुलिस का कड़ा एक्शन- फोटो : reporter

Bihar Crime: मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई दर्दनाक मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पांच लोगों की मौत के बाद प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया है और मुजफ्फरपुर पुलिस ने अवैध शराब के धंधेबाजों के खिलाफ जबरदस्त मुहिम छेड़ दी है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब माफियाओं के बीच खौफ और बेचैनी का माहौल साफ तौर पर देखा जा रहा है।

इसी सिलसिले में मनियारी थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक पिकअप और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से तकरीबन 1400 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस दबिश ने यह साफ कर दिया है कि अब गैरकानूनी धंधे करने वालों के लिए कोई रियायत नहीं दी जाएगी।

दूसरी तरफ बरियारपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शराब के अवैध अड्डों पर छापेमारी की। थाना अध्यक्ष ने दल-बल के साथ इलाके के विभिन्न ठिकानों को चिन्हित कर दर्जनों भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही सैकड़ों लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 15 लीटर चुलाई शराब के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया। इस पूरी कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा जोरों पर है कि पुलिस की सख्ती ने अवैध कारोबार की कमर तोड़ दी है।

मामले पर वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बिहार में लागू मध्य निषेध कानून को पूरी सख्ती के साथ लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा