Bihar Bus Service: पटना-गया-मुजफ्फरपुर-दरभंगा के यात्रियों को बड़ी राहत, छठ और दीपावली से पहले हरियाणा से बिहार के लिए दौड़ेंगी AC बसें
Bihar Bus Service: छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर घर लौटने वाले अप्रवासी बिहारियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है।...
Bihar Bus Service: छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर घर लौटने वाले अप्रवासी बिहारियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। बिहार और हरियाणा के बीच जल्द ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की नियमित बस सेवा शुरू होने जा रही है। इससे रोजगार, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के सिलसिले में दोनों राज्यों के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार अप्रवासी बिहारियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए लगातार कवायद कर रही है। इसी सिलसिले में परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर अंतर्राज्यीय बस परिचालन और रूट परमिट को लेकर चर्चा की थी। सरकार के प्रयास के बाद बिहार-हरियाणा रूट पर बस परिचालन की अनुमति मिल गई है।
बीएसआरटीसी ने बसों के परिचालन की दिशा में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और बसों की खरीद भी की जा चुकी है। निगम कुल 149 बसें खरीद रहा है, जिसमें 75 एसी बसें शामिल हैं। इन्हीं एसी बसों में से कुछ का परिचालन हरियाणा समेत दूसरे राज्यों के लिए किए जाने की तैयारी है।
बिहार और हरियाणा के बीच अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू करने के लिए जुलाई में दोनों राज्यों के बीच द्विपक्षीय समझौता (एमओयू) हुआ था। इसके तहत बिहार के 12 प्रमुख रूटों से हरियाणा के लिए एसी डीलक्स बसें चलाने का फैसला लिया गया है।
प्रस्तावित सेवा के तहत पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और मधुबनी समेत प्रमुख शहरों से बसें हरियाणा के अंबाला, गुरुग्राम और पानीपत जैसे शहरों तक जाएंगी। इससे हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लाखों प्रवासी बिहारियों को आरामदायक और किफायती सफर का विकल्प मिलेगा।आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ और घर वापसी की परेशानी को कम किया जा सके।