Bihar News : मोतिहारी शराब कांड के बाद मुजफ्फरपुर में 'महा-ऑपरेशन', पुलिस और उत्पाद विभाग ने दियारा इलाके को घेरा, दर्जनों भट्ठियां ध्वस्त

Bihar News :मोतिहारी शराब कांड के बाद मुजफ्फरपुर में पुलिस एक्शन मोड में हैं. इसी कड़ी में दियारा इलाके में छापेमारी की गयी.....पढ़िए आगे

एक्शन मोड में पुलिस - फोटो : SOCIAL MEDIA

MUZAFFARPUR : पड़ोसी जिले मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई मौतों और कई लोगों की आंखों की रोशनी जाने की दर्दनाक घटना के बाद मुजफ्फरपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े आदेश के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के दियारा इलाकों में बड़े पैमाने पर 'क्रैकडाउन' शुरू कर दिया है। शनिवार को दर्जनों पुलिस वाहनों और नावों के साथ शुरू हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।

सरैया एसडीपीओ (SDPO) और उत्पाद इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस बल ने साहेबगंज, पारू और अन्य सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में नारायणी गंडक नदी के किनारे स्थित दुर्गम दियारा इलाकों में धावा बोला। दुर्गम रास्तों और नदी के तटीय क्षेत्रों में छिपे शराब कारोबारियों तक पहुँचने के लिए टीम ने नावों का सहारा लिया। पुलिस की भारी मौजूदगी को देखकर अवैध शराब निर्माण और बिक्री में संलिप्त कारोबारी मौके से भागते नजर आए। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शराबबंदी कानून को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस विशेष अभियान के दौरान टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छापेमारी में चूलाई शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले 35 बैग नौशादर टैबलेट बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही, पुलिस ने नदी किनारे चल रही दर्जनों अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके पर मौजूद हजारों लीटर अर्धनिर्मित शराब (पास) को टीम ने तुरंत विनष्ट कर दिया। बरामद उपकरणों और सामग्रियों को नष्ट कर पुलिस ने शराब निर्माण के नेटवर्क को करारा झटका दिया है।

प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई ने मुजफ्फरपुर के पूरे दियारा इलाके को थर्रा दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शराब माफिया नदी के कछार और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर अवैध भट्ठियां संचालित कर रहे थे। सरैया एसडीपीओ ने बताया कि संभावित निर्माण स्थलों और बिक्री केंद्रों को चिह्नित कर उन्हें पूरी तरह जमींदोज किया जा रहा है। विशेष टीम लगातार इन इलाकों में कैंप कर रही है ताकि भविष्य में दोबारा निर्माण कार्य शुरू न हो सके।

मोतिहारी की घटना से सबक लेते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस अब 'प्रिवेंटिव' एक्शन पर जोर दे रही है। जिलाधिकारी और एसएसपी खुद इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अभी थमेगा नहीं और आने वाले दिनों में शराब के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे शराब कारोबार से जुड़ी किसी भी गुप्त सूचना को प्रशासन के साथ साझा करें ताकि समय रहते बड़ी घटनाओं को रोका जा सके। 

मणिभूषण की रिपोर्ट