Bihar News : मुजफ्फरपुर में 1.20 करोड़ की जब्त विदेशी शराब पर चला बुलडोजर, 19 मामलों में हुई थी कार्रवाई
Bihar News : मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग द्वारा 19 अलग-अलग मामलों में जब्त की गई लगभग 12 हजार लीटर विदेशी शराब का मंगलवार को विनष्टीकरण किया गया।
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग द्वारा 19 अलग-अलग मामलों में जब्त की गई लगभग 12 हजार लीटर विदेशी शराब का मंगलवार को विनष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई उत्पाद थाना परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव, एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार और उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार की निगरानी में बुलडोजर चलाकर की गई।
जानकारी के अनुसार, जिले में शराब तस्करों और कारोबारियों के खिलाफ उत्पाद विभाग की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न मामलों में पकड़ी गई इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे नष्ट करने के लिए परिसर में बुलडोजर चलाया गया।
विनष्टीकरण की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त शराब की बोतलों और कार्टन को नष्ट करने की कार्रवाई विधिवत रूप से पूरी की गई। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव ने बताया कि उत्पाद विभाग द्वारा दर्ज 19 कांडों में जब्त करीब 12 हजार लीटर विदेशी शराब को आज उत्पाद थाना परिसर में नष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस मौके पर एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार और उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार समेत विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार की जाती रहेगी।
मणिभूषण की रिपोर्ट