Bihar Gas Consumers Protest: गैस संकट से भड़का जनआक्रोश! सड़कों पर उतरे उपभोक्ता, सिलेंडर रखकर किया हाईवे जाम, मुजफ्फरपुर-पटना मार्ग पर घंटों अफरा-तफरी

Bihar Gas Consumers Protest: गैस सप्लाई में लगातार हो रही लापरवाही ने आखिरकार जनता का सब्र तोड़ दिया।....

गैस संकट से भड़का जनआक्रोश!- फोटो : reporter

Bihar Gas Consumers Protest: गैस सप्लाई में लगातार हो रही लापरवाही ने आखिरकार जनता का सब्र तोड़ दिया। आज मुजफ्फरपुर–पटना मुख्य मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब गैस न मिलने से नाराज उपभोक्ता सड़कों पर उतर आए और सिलेंडर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

मामला मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची-पक्की ओपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजीव ऑटोमोबाइल के पास का है, जहां गैस उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का आरोप था कि नंबर लगाने के बावजूद कई दिनों से गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसी नाराजगी में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।प्रदर्शन के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एम्बुलेंस, स्कूल बसें और ऑफिस जाने वाले लोग जाम में फंस गए। कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, लेकिन रास्ता बंद होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित भीड़ किसी भी तरह मानने को तैयार नहीं थी। लोग लगातार गैस सप्लाई बहाल करने की मांग पर अड़े रहे।इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। साथ ही गैस एजेंसी प्रबंधन से संपर्क किया गया और तत्काल समाधान की बात रखी गई। आखिरकार गैस एजेंसी प्रबंधक ने जल्द से जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने धीरे-धीरे सड़क से जाम हटाया और यातायात बहाल किया गया। हालांकि घंटों तक चले इस जाम ने प्रशासन की तैयारियों और गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते गैस सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में फिर से बड़ा आंदोलन खड़ा हो सकता है। वहीं प्रशासन अब मामले की निगरानी कर रहा है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा