मुजफ्फरपुर में जुआ-सट्टा के अड्डे पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 7 जुआरियों को दबोचा, नकदी, 5 मोबाइल और ताश की गड्डियां बरामद

जुआ-सट्टा के अड्डे पर पुलिस का बड़ा एक्शन- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर कांटी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे सात आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।


दामोदरपुर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, कांटी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप कुछ लोग एकत्र होकर अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई और कई लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को मौके से दबोच लिया।


गिरफ्तार सभी सात आरोपी कांटी थाना क्षेत्र के निवासी

पुलिस की इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद कौशर, तनवीर आलम, मोहम्मद समीम, मोहम्मद इम्तियाज, रूपक कुमार, मोहम्मद रुस्तम और मोहम्मद सहजाद आलम के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी सातों आरोपी कांटी थाना क्षेत्र के ही अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।


4,280 नकद, पांच मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल ₹4,280 नकद, पांच मोबाइल फोन तथा ताश की दो गड्डियां बरामद कर जब्त की हैं। कांटी थाने में सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध बिहार जुआ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध जुआ और सट्टा नेटवर्क से क्षेत्र के अन्य कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं। मुजफ्फरपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध जुआ, लॉटरी और सट्टेबाजी के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


मनीभूषण की रिपोर्ट