आर्म्स एक्ट मामले का कई वर्षों से फरार वांछित मोहम्मद कैश गिरफ्तार, एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दबोचा

मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से पिछले 6 सालों से फरार चल रहे आर्म्स एक्ट के आरोपी मोहम्मद कैश को गिरफ्तार कर लिया है.....

आर्म्स एक्ट मामले का कई वर्षों से फरार वांछित मोहम्मद कैश गिरफ्तार- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur :  जिले में पुलिस ने एसटीएफ (STF) के सहयोग से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आर्म्स एक्ट के मामले में पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे वांछित अपराधी मोहम्मद कैश को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


पुलिस दबिश से लगातार बच रहा था आरोपी, एसटीएफ की मदद से बिछाया गया जाल

मिला जानकारी के अनुसार, वांछित अपराधी मोहम्मद कैश मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के चौपार मदन गांव का रहने वाला है। वह आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले में वर्ष 2020 से ही फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पहले भी कई बार उसके ठिकानों पर दबिश दी थी, लेकिन पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। इसके बाद उसकी धरपकड़ के लिए विशेष रूप से एसटीएफ को सक्रिय किया गया।


एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

एसटीएफ और बोचहा थाना की पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चौपार मदन गांव में घेराबंदी की और वांछित अपराधी मोहम्मद कैश को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके अन्य आपराधिक संपर्कों और गतिविधियों का भी खुलासा हो सके।


एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने की पुष्टि, न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद

पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधी मोहम्मद कैश को बोचहा थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कवायद की जा रही है।


मनोज की रिपोर्ट