हाजीपुर में पेट्रोल में पानी मिलाने का वायरल वीडियो निकला फर्जी, पीड़ित युवक ने खुद सामने आकर बताई सच्चाई

वैशाली के जिला मुख्यालय हाजीपुर के एक पंप पर पेट्रोल में पानी मिलाने का वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी निकला है। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किसी ने यह भ्रामक वीडियो वायरल कर दिया था....

हाजीपुर में पेट्रोल में पानी मिलाने का वायरल वीडियो निकला फर
पेट्रोल में पानी मिलाने का वायरल वीडियो निकला फर्जी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : हाजीपुर के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में 70 प्रतिशत पानी मिलाने का दावा करने वाला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो पूरी तरह फर्जी और भ्रामक निकला है। इस मामले में खुद पीड़ित युवक सामने आया है और उसने स्पष्ट किया है कि वायरल हो रहे दावे में कोई सच्चाई नहीं है और इसे सिर्फ लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए तूल दिया गया है।


डीजल और पेट्रोल की अदला-बदली की थी छोटी सी गलती

बेलसर निवासी पीड़ित युवक एमडी आलम ने पूरी सच्चाई बताते हुए कहा कि उन्होंने एक बच्चे को कोसाइन चौक स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर ईंधन लाने के लिए भेजा था। वहां गलती से पेट्रोल की जगह डीजल दे दिया गया, जिसे उन्होंने अपनी गाड़ी में डाल लिया था। जब बाद में इस गलती का पता चला, तो वे उस डीजल को निकालकर वापस पेट्रोल पंप पर ले गए थे।


पंप कर्मियों ने तुरंत कर दिया था डब्बा एक्सचेंज, वहीं सुलझ गया था मामला

युवक ने बताया कि जब वे पंप पर पहुंचे और स्टाफ से बात की, तो कर्मचारियों ने बिना किसी विवाद के तुरंत डब्बा एक्सचेंज कर लिया। डीजल वापस लेकर उसकी जगह सही पेट्रोल दे दिया गया और यह मामला वहीं मौके पर ही पूरी तरह सुलझ गया था। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इसी पंप से ईंधन लेते आ रहे हैं और यह केवल एक छोटी सी मानवीय भूल थी।


फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किसी और ने बनाया भ्रामक वीडियो

एमडी आलम ने साफ तौर पर कहा कि उनकी तरफ से सोशल मीडिया पर कोई वीडियो अपलोड नहीं किया गया है। किसी अन्य व्यक्ति ने अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में इस मामूली सी बात का गलत वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल कर दिया, जिससे उन्हें और पंप संचालक को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


फर्जी वीडियो और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

पीड़ित युवक ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे ऐसे भ्रामक और फर्जी वीडियो पर बिल्कुल भी विश्वास न करें। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि बिना पूरी सच्चाई जाने किसी भी तरह की अफवाहों को हवा न दें और समाज में गलत सूचनाएं न फैलाएं।


रिषभ की रिपोर्ट