Muzaffarpur Love Story: इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, शादी के बाद 2 साल जेल में रहा युवक, पत्नी की तलाश में भटकने के बाद मौत

Muzaffarpur Love Story: मुजफ्फरपुर के मीनापुर में 22 वर्षीय अमरजीत राम का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर प्रेम और शादी के बाद वह करीब दो साल जेल में रहा था और हाल में पत्नी को तलाशने के बाद परेशान था।

Muzaffarpur Love Story:  मुजफ्फरपुर में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी, शादी और जेल तक पहुंच गई। करीब दो साल जेल में बिताने के बाद तीन महीने पहले घर लौटे 22 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना मीनापुर थाना क्षेत्र की अलीनेउरा पंचायत के छेगन नेउरा गांव के वार्ड नंबर 10 की है। परिजनों के मुताबिक, पत्नी को तलाशने के बाद से युवक काफी परेशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


मृतक की पहचान गांव के निवासी विनोद राम के 22 वर्षीय बेटे अमरजीत राम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह जब घरवाले उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचे, तो उसका शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर मीनापुर पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर घर से भागकर की शादी


मृतक के चचेरे भाई अमर कुमार के मुताबिक, अमरजीत की पहचान इंस्टाग्राम पर रील देखने और चैटिंग के दौरान उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली सुरभि पटेल से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उनका प्रेम संबंध शादी तक पहुंच गया। परिजनों के अनुसार, दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना घर से भागकर शादी कर ली थी।


युवती के पिता ने दर्ज कराया था अपहरण का मामला


शादी के बाद युवती के पिता ने जौनपुर में अमरजीत के खिलाफ अपहरण और शादी से जुड़ा मामला दर्ज कराया था। परिजनों का कहना है कि युवती के नाबालिग होने की बात सामने आने के बाद अमरजीत को जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर करीब दो साल जेल में रहना पड़ा। लगभग तीन महीने पहले वह जेल से रिहा होकर अपने गांव लौटा था।


पत्नी के मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचने की बात सुनकर गया था युवक


परिजनों के मुताबिक, जेल से लौटने के बाद भी अमरजीत और सुरभि के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। इसी दौरान बुधवार को युवती ने उसे फोन कर बताया कि वह घर छोड़कर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई है। यह जानकारी मिलने पर अमरजीत गाड़ी लेकर स्टेशन पहुंचा। उसने काफी देर तक स्टेशन और आसपास के इलाकों में पत्नी की तलाश की, लेकिन वह उसे नहीं मिली। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद से वह काफी परेशान रहने लगा था।


पुलिस कर रही मामले की जांच


शनिवार को अमरजीत का शव उसके कमरे में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।