Bihar Road Accident: कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं की ऑटो पलटी, कई जख्मी, दो की हालत गंभीर
Bihar Road Accident: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा हादसे में तब्दील हो गई।...
Bihar Road Accident: मुजफ्फरपुर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलवार की अहले सुबह हादसे में तब्दील हो गई। मीनापुर थाना क्षेत्र के नैउरा चौक के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में कई यात्री जख्मी हो गए, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार सभी लोग कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे। मंगलवार की सुबह जब ऑटो नैउरा चौक के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और ऑटो पलट गई। अचानक हुए हादसे से यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। ऑटो के पलटते ही उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।
दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फंसे और सड़क पर गिरे घायलों को बाहर निकाला। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही मीनापुर थाने की डायल 112 टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया।
मीनापुर थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ऑटो चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से इलाके में चिंता का माहौल है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा