सिपाही को चकमा देकर सिविल कोर्ट से फरार हुआ कैदी, पुलिसकर्मी दौड़े पर नहीं लगा सुराग
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट के सीजीएम कैंपस गेट के पास पुलिस अभिरक्षा में लाया गया कैदी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। पुलिसकर्मी और लोगों ने पीछा किया पर सुराग नहीं मिला, मामले की जांच जारी।
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट से शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में लाया गया एक कैदी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। यह घटना सीजीएम कैंपस के गेट के पास की बताई जा रही है। कैदी के भागते ही कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप की स्थिति बन गई।आरोपी को साहेबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। फरार बंदी की पहचान मिंटू कुमार मलिक के रूप में हुई है। वह जिले के पारू थाना क्षेत्र के रामपुर केशों मालही गांव का रहने वाला है और एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में आरोपी था। कोर्ट परिसर से बंदी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
सीजीएम कैंपस के गेट के पास सिपाही को दिया चकमा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पुलिसकर्मी कैदी को हथकड़ी लगाकर कोर्ट परिसर से लेकर जा रहा था। इसी दौरान कैदी ने किसी तरह हाथ से हथकड़ी सरका ली और सिपाही को चकमा देकर भाग निकला। घटना इतनी अचानक घटी कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।
पीछे दौड़े पुलिसकर्मी और लोग, पर नहीं लगा सुराग
कैदी के फरार होते ही उसके साथ मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उसके पीछे दौड़े। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों ने भी उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह किस दिशा में गया और कहां छिप गया, इसका पता नहीं चल सका। कुछ ही देर में वह भीड़ के बीच नजरों से ओझल हो गया।
चाय दुकानदार ने देखा पूरा घटनाक्रम, गेट की ओर भागा कैदी
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एक चाय दुकानदार ने बताया कि वह चाय लेकर जा रहा था, तभी उसने देखा कि पुलिसकर्मी एक कैदी को लेकर आ रहे हैं। इसी बीच कैदी हाथ से हथकड़ी सरकाकर भाग गया। दुकानदार के मुताबिक, यह घटना उसके सामने करीब 10 मिनट पहले हुई और कैदी सीजीएम कैंपस के गेट की तरफ से भागा था।
अधिवक्ता ने पूर्व की घटना का किया जिक्र
व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता सुशील कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब एक सिपाही हथकड़ी लगाकर कैदी को ले जा रहा था। शुक्रवार को उनके सामने ही कैदी हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया और पीछे दौड़ने के बावजूद पुलिसकर्मियों व लोगों को उसका सुराग नहीं मिल सका।
फरार कैदी की तलाश और सुरक्षा चूक की जांच शुरू
कैदी के फरार होने के बाद पुलिस प्रशासन उसकी सरगर्मी से तलाश में जुट गया है। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैदी ने आखिर किस तरह हथकड़ी सरकाई और अभिरक्षा के दौरान सुरक्षा में किन परिस्थितियों में चूक हुई।
मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट