पटना के अगमकुआं में बंद घर से बड़ी चोरी, शादी में गया था परिवार; जेवर और नकदी गायब

परिवार शादी समारोह में गया था, इसी बीच पटना के अगमकुआं स्थित विजयनगर में चोरों ने बंद घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी उड़ा ली। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है।

Patna agamkuan closed house theft
पटना के अगमकुआं में बंद घर से बड़ी चोरी- फोटो : Reporter

पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। यह वारदात 26 नवंबर 2026 की रात विजयनगर में जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के पास हुई, जब परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे और घर सूना पड़ा था।


सुबह लौटने पर बिखरा मिला सामान

गृहस्वामी राजू कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्य शादी समारोह में गए थे और शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घर लौटे। अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा है और जांच में सोने-चांदी के जेवरात तथा नकद रुपये गायब मिले।


थानाध्यक्ष और एफएसएल टीम की जांच

चोरी की जानकारी मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना अध्यक्ष राजेश कुमार झा खुद मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम भी वहां पहुंची।


नुकसान का आकलन और आगे की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकद रकम की सही कीमत का आकलन किया जा रहा है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट