Bihar Crime: बिहार में नकली शराब का भंडाफोड़, पानी की बोतलों में स्प्रिट बरामद, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar Crime: पानी की बोतलों में छिपाकर रखी गई स्प्रिट की खेप का खुलासा हुआ है।

नकली शराब का भंडाफोड़- फोटो : MANIBHUSHAN

Muzaffarpur: जिले से अवैध शराब कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां पानी की बोतलों में छिपाकर रखी गई स्प्रिट की खेप का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सरमस्तपुर गांव में छापेमारी की। यह कार्रवाई पारू थाना क्षेत्र में स्थित एक मकान में की गई, जहां नकली विदेशी शराब बनाने की तैयारी चल रही थी।

छापेमारी के दौरान टीम ने 8 पानी की बोतलों में भरे हुए करीब 160 लीटर स्प्रिट को बरामद किया। इसके साथ ही मौके से बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी जब्त की गईं, जिनका उपयोग कथित तौर पर नकली शराब तैयार करने में किया जाना था।

उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि स्वर्गीय किशोरी साह के मकान में अवैध शराब कारोबारियों द्वारा स्प्रिट का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।हालांकि, कार्रवाई के दौरान किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, क्योंकि सभी कारोबारी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

उत्पाद विभाग ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित अवैध शराब नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी तह तक जाने के लिए जांच जारी है।उत्पाद विभाग बिहार की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में नकली शराब और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा