बॉयफ्रेंड के साथ जा रही युवती को पिता ने पकड़ा, बीच सड़क पिटाई के बाद फूट-फूट कर रोए

मुजफ्फरपुर के डुमरी चौक के पास बॉयफ्रेंड के साथ जा रही युवती को पिता ने पकड़कर बीच सड़क पर पीट दिया। बाद में पिता के फूट-फूट कर रोने और लोगों के समझाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बॉयफ्रेंड के साथ भाग रही युवती को पिता ने पकड़ा सरेआम सड़क पर की पिटाई- फोटो : Reporter

मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित डुमरी चौक के पास शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब अपने बॉयफ्रेंड के साथ कथित तौर पर भाग रही एक युवती को उसके पिता ने पकड़ लिया। पिता ने बीच सड़क पर ही बेटी की पिटाई शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।


स्कूल जाने के बहाने घर से निकली थी युवती

मिली जानकारी के अनुसार, युवती शुक्रवार को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ चली गई। इसकी भनक लगते ही पिता बेटी की तलाश में निकल पड़े और सूचना मिली कि वह सदर थाना क्षेत्र के डुमरी चौक के समीप एक दुकान के पास युवक के साथ मौजूद है।


भीड़ के बीच फूट-फूट कर रोने लगे पिता

मौके पर पहुंचे पिता ने बेटी को देख नाराजगी जताई और सवाल करते हुए उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के बाद पिता अपना सिर पकड़कर वहीं बैठ गए और फूट-फूट कर रोने लगे, जबकि आसपास मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।


लोगों के समझाने पर बेटी को लेकर घर लौटे

घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और पिता को समझाया-बुझाया। काफी मान-मनौव्वल के बाद पिता अपनी बेटी को साथ लेकर घर लौट गए।


पुलिस की अनभिज्ञता और वीडियो वायरल

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछे जाने पर पुलिस ने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है। दूसरी ओर, सड़क पर हुए इस ड्रामे और पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट