Bihar News : ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में शामिल हुए बिहार के ऊर्जा मंत्री, ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों एवं भविष्य की योजनाओं पर हुआ मंथन

Bihar News : ऊर्जा क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों सहित कई मुद्दों पर चर्चा के लिए नई दिल्ली में ऊर्जा मंत्रियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल भी शामिल हुए.....पढ़िए आगे

Bihar News : ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में शामिल हुए बिहार
ऊर्जा मंत्रियों का सम्मेलन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : देश के ऊर्जा क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों, भविष्य की जरूरतों एवं ऊर्जा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नई दिल्ली में ऊर्जा मंत्रियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल एवं बिहार के ऊर्जा सचिव-सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, BSPHCL अजय यादव (IAS) शामिल हुए। बैठक में ऊर्जा भंडारण क्षमता के विस्तार, ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण, बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति में सुधार तथा नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। सम्मेलन का प्रथम सत्र केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता तथा केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर  बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विशाल राज (IAS) भी उपस्थित रहे।

सम्मेलन के प्रथम सत्र में बिहार सहित अन्य राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों के साथ ऊर्जा क्षेत्र के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में रिसोर्स एडिक्वेसी (RA) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ऊर्जा भंडारण क्षमता के त्वरित विस्तार, अंतरराज्यीय एवं राज्य के भीतर ट्रांसमिशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दों, बिजली वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने तथा RDSS के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग, फीडर पृथक्करण एवं घरेलू विद्युतीकरण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के लिए संभावित स्थलों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। सम्मेलन के दौरान ऊर्जा सचिव अजय यादव (IAS) ने बिहार के ऊर्जा क्षेत्र, रूफटॉप सोलर एवं न्यूक्लियर पावर सहित विभिन्न विषयों पर माननीय केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को बिहार की प्रगति एवं कार्ययोजनाओं से अवगत कराया।

ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि राज्य में बिजली की बढ़ती मांग एवं भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ऊर्जा भंडारण क्षमता का विस्तार, ट्रांसमिशन नेटवर्क का सुदृढ़ीकरण और वितरण व्यवस्था में सुधार जरूरी है। बिहार सरकार उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्र सरकार एवं अन्य राज्यों के सहयोग से ऊर्जा क्षेत्र को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) एवं मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के बीच 300 मेगावाट पावर बैंकिंग व्यवस्था को लेकर समझौता हुआ। इससे दोनों राज्यों के बीच विद्युत संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं बिजली आपूर्ति प्रबंधन में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। सम्मेलन में देश की ऊर्जा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने, राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।