Bihar News : मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट का मामला, इलाके में लागू हुई BNSS की धारा 163, कई तरह के लगाये गए प्रतिबंध
Bihar News : मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी पुलिस आनंद उत्सव के द्वारा पूरे इलाके में BNSS की धारा 163 को लागू कर दिया गया है....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के गोवरसही चौक के समीप मुजफ्फरपुर-सकरी मुख्य मार्ग पर RCD (रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट) द्वारा नाला निर्माण के दौरान हुई खुदाई के कारण गैस पाइपलाइन में जोरदार ब्लास्ट हो गया था। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, दर्जनों लोग घायल हुए थे और कई मकान व वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद अब तक गैस पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया है, जिसके कारण हजारों परिवारों के घरों में पीएनजी (PNG) गैस की आपूर्ति ठप है और लोगों का चूल्हा जलना बंद हो गया है। स्थानीय लोग इस स्थिति को लेकर काफी आक्रोशित हैं।
मरम्मत कार्य के दौरान अफरा-तफरी और अफवाह
दूसरी तरफ, जैसे ही गैस पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया, इलाके में एक बार फिर गैस रिसाव की अफवाह फैल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस अफवाह और लोगों की भीड़ के कारण मरम्मत कार्य में भारी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
प्रशासन का कड़ा कदम: BNSS की धारा 163 लागू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) पुलिस आनंद उत्सव ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में BNSS की धारा 163 (पूर्व में CrPC 144) लागू कर दी है। इसके तहत कई कड़े प्रतिबंध और निर्देश जारी किए गए हैं। मुजफ्फरपुर के गोवरसही चौक से सकरी रोड की ओर किसी भी प्रकार के व्यावसायिक या भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गैस पाइपलाइन के निर्माण और मरम्मत कार्य स्थल पर आम लोगों के इकट्ठा होने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है। इलाके में पटाखों की खरीद-बिक्री एवं उनके प्रयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। गैस रिफिलिंग करने वाले सभी प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे। क्षेत्र में वेल्डिंग कार्यों से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इलाके में किसी भी प्रकार के कूड़े या कचरे के ढेर में आग लगाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी।
प्रशासनिक निर्देश:
प्रशासन ने संबंधित सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन नियमों का पूरी तरह से कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और गैस पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य बिना किसी बाधा के जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।
मणिभूषण की रिपोर्ट