Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान के तहत 40 लाख के 180 मोबाइल किया बरामद, SSP ने असली मालिकों को सौंपे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में ऑपरेशन मुस्कान के तहत 180 लोगों के चेहरे पर मुस्कान छा गयी है. एसएसपी ने उनके खोये और गुम हुए मोबाइल उन्हें बरामद कर वापस कर दिए........पढ़िए आगे

ऑपरेशन मुस्कान से लौटी मुस्कान - फोटो : SOCIAL MEDIA

MUZAFFARPUR : जिले में मोबाइल चोरी और छिनैती की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कसते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी, गुम और छीने गए कुल 180 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित आनंद भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में SSP कांतेश मिश्रा ने इन मोबाइलों को उनके वास्तविक धारकों के सुपुर्द किया।

पिछले कुछ समय से जिले में मोबाइल झपटमारी की घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने 'ऑपरेशन मुस्कान' को और अधिक सशक्त रूप में धरातल पर उतारा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल अपराधियों पर नकेल कसना था, बल्कि तकनीकी और भौतिक जांच के जरिए आम लोगों के खोए हुए कीमती सामान को वापस दिलाना भी था। अब इस सक्रियता का असर जिले में साफ तौर पर दिखने लगा है।

सफलता की इस पटकथा को लिखने के लिए जिले में कुल छह विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने साइबर ट्रैकिंग और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का बेहतर तालमेल बिठाते हुए दिन-रात काम किया। एसएसपी ने बताया कि यह पहल नागरिकों के आर्थिक नुकसान की भरपाई के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में एक प्रभावी कदम है। बरामदगी के इस सिलसिले से अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का भरोसा मजबूत हुआ है।

पूरे अभियान का सफल क्रियान्वयन साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार के कुशल निर्देशन में किया गया। उनकी टीम ने जटिल साइबर सेल डेटा और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से उन मोबाइलों को भी रिकवर करने में सफलता पाई, जो लंबे समय से गायब थे। SSP कांतेश मिश्रा ने टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि आज इतनी बड़ी संख्या में लोगों के चेहरे पर खुशी लौटी है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि 'ऑपरेशन मुस्कान' अभी थमेगा नहीं, बल्कि इसे और अधिक तीव्रता के साथ जारी रखा जाएगा। पुलिस का लक्ष्य मोबाइल चोरी जैसी छोटी लगने वाली लेकिन जनमानस को प्रभावित करने वाली घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना है। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि वे मोबाइल गुम होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते तकनीकी कार्रवाई की जा सके। 

मणिभूषण की रिपोर्ट