Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, चोर की निशानदेही पर स्वर्ण व्यवसायी के घर मारा छापा, 25 लाख के जेवर किया बरामद

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक स्वर्ण व्यवसायी से तकरीबन 25 लाख रुपए मूल्य के सोना और चांदी बरामद किया है। यह कार्रवाई एक चोरी के मामले में गिरफ्तार चोर के निशानदेही पर की गई.....पढ़िए आगे

25 लाख का ज्वेलरी बरामद - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहाँ एक चोरी के मामले में गिरफ्तार शातिर चोर की निशानदेही पर पुलिस ने एक स्वर्ण व्यवसायी के घर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के खरीदे गए तकरीबन 25 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस की इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई से इलाके के अवैध रूप से चोरी का सामान खरीदने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बीती रात एक चोरी के मामले में रंजीत सहनी नामक एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया था। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चोर ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दर्जनों चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके साथ ही उसने चोरी के आभूषणों के ठिकाने को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे भी किए।

चोर रंजीत सहनी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी के दौरान मिलने वाले तमाम सोने-चांदी के आभूषणों को आधे दामों पर अहियापुर थाना क्षेत्र के 'रवींद्र ज्वैलर्स' के मालिक विशाल कुमार और उसके पिता के हाथों बेच देता था। चोर से मिली इस सटीक जानकारी के बाद पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्वर्ण कारोबारी के घर पर अचानक छापेमारी की। वहाँ भारी मात्रा में रखे जेवर देखकर एक बार को पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

स्वर्ण कारोबारी के घर की गई इस सघन छापेमारी में पुलिस ने तकरीबन 100 ग्राम सोने की ज्वेलरी और 3 किलो 500 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए। जब पुलिस टीम ने इन बरामद आभूषणों से संबंधित वैध कागजात की मांग की, तो स्वर्ण कारोबारी का परिवार कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद ज्वेलरी को जब्त करते हुए स्वर्ण कारोबारी के पुत्र विशाल कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक विनीत सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार चोर और स्वर्ण कारोबारी के पुत्र विशाल कुमार से आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि इस गिरोह में शामिल तीन अन्य चोरों और मुख्य स्वर्ण कारोबारी (विशाल के पिता) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, और उन्हें भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा। 

मणिभूषण की रिपोर्ट