Bihar Police Transfer: 17 थानेदारों और इंस्पेक्टरों का तबादला, दीपावली-छठ से पहले पुलिस महकमे में सर्जरी,किसी को थाना तो किसी को मिली नई जिम्मेदारी, पढ़िए लिस्ट

Bihar Police Transfer: दीपावली और छठ महापर्व से पहले पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। ..

17 थानेदारों और इंस्पेक्टरों का तबादला- फोटो : reporter

Bihar Police Transfer:  दीपावली और छठ महापर्व से पहले पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। मुजफ्फरपुर में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के नाम पर पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने एक साथ 17 थानाध्यक्षों और पुलिस निरीक्षकों का तबादला कर दिया है। देर रात जारी हुई तबादले की अधिसूचना ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है।

अब किसी की थानेदारी छिन गई तो किसी को नई जगह पर जिम्मेदारी सौंप दी गई। कुछ अधिकारियों को थाने की कमान मिली है तो कुछ को अंचल, साइबर और दूसरी महत्वपूर्ण शाखाओं में भेजा गया है। जाहिर है, त्योहारों के मौसम में वरिष्ठ पुलिस कप्तान ने अपनी टीम की नई जमावट कर दी है। अब देखना होगा कि कुर्सियों की इस अदला-बदली से अपराधियों की बेचैनी बढ़ती है या महज पुलिस महकमे की फाइलों में ही नई व्यवस्था चमकती है।

अहियापुर से मोतीपुर तक बदले चेहरे

जारी अधिसूचना के अनुसार, अहियापुर थाने में पर्यवेक्षी पदाधिकारी के रूप में तैनात पुलिस निरीक्षक रजा अहमद को हिंदी शाखा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं हिंदी शाखा में कार्यरत अशोक कुमार को सदर थाने का पर्यवेक्षी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

पारू अंचल के अंचल पुलिस निरीक्षक शरत कुमार को अहियापुर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोतीपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह को यातायात थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि साइबर थाने में तैनात हेमंत कुमार अब मोतीपुर थाने की कमान संभालेंगे।

यातायात थाना प्रभारी संतोष कुमार पंकज को सरैया का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। सदर अंचल-बी के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार को साइबर थाने में भेजा गया है। कांटी अंचल के पुलिस निरीक्षक जय किशन कुमार को कोर्ट सुरक्षा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

जिला आम सूचना इकाई में तैनात रोहन कुमार को सदर अंचल-बी का अंचल पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। सरैया थानाध्यक्ष को अहियापुर में पर्यवेक्षी पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

नगर अंचल के पुलिस निरीक्षक मुन्ना गुप्ता को अहियापुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। सदर थाने के पर्यवेक्षी पदाधिकारी मनोज कुमार अब कांटी अंचल के पुलिस निरीक्षक होंगे।

महिला थानाध्यक्ष अमिता सिंह को सूचना अधिकार शाखा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं मुसहरी थाने में तैनात स्नेहा कुमारी को महिला थाने की कमान सौंपी गई है।

बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह को पुलिस केंद्र बुलाया गया है। विधि व्यवस्था कोषांग में तैनात अरविंद कुमार को नगर अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है। नगर थाने में तैनात मुन्ना कुमार अब बेनीबाद थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अब नई टीम की होगी असली परीक्षा

दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों पर बाजारों, घाटों, पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में वरिष्ठ पुलिस कप्तान का यह फेरबदल कितना कारगर साबित होता है, इसका फैसला कागजी आदेश नहीं, बल्कि जमीन पर पुलिस की मुस्तैदी करेगी।

कुर्सियां बदल गई हैं, जिम्मेदारियां भी बदल गई हैं, लेकिन जनता को इंतजार है नतीजों का। अब नई तैनाती वाले अधिकारी अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर कितना दम दिखाते हैं, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा