Bihar Food Safety Raid: फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 200 किलो दुर्गंधयुक्त स्पंज और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक जब्त

Bihar Food Safety Raid: दीपावली और छठ महापर्व से पहले मुजफ्फरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ..

फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई- फोटो : reporter

Bihar  Food Safety Raid: दीपावली और छठ महापर्व से पहले मुजफ्फरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग की ओर से शहर और आसपास के इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में बोचहां थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर स्थित दो मिठाई और बेकरी प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो दुर्गंधयुक्त स्पंज और सैकड़ों लीटर एक्सपायरी डेट के कोल्ड ड्रिंक बरामद किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, दीपावली और छठ पर्व को लेकर बाजारों में मिठाई, बेकरी उत्पाद और शीतल पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। इसी बीच कुछ प्रतिष्ठानों में खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ और एक्सपायरी डेट के पेय पदार्थ बेचे जाने की सूचना विभाग को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सरफुद्दीनपुर में स्थित AR बेकरी और ANN JAL मिष्ठान भंडार में छापेमारी की।

जांच के दौरान अधिकारियों को प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में दुर्गंधयुक्त स्पंज मिला। इसके अलावा सैकड़ों लीटर ऐसे कोल्ड ड्रिंक भी बरामद किए गए, जिनकी एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक जांच की। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में करीब 200 किलो खराब स्पंज और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक का मौके पर ही विनष्टीकरण करा दिया गया, ताकि इन खाद्य पदार्थों को दोबारा बाजार में बेचने या आम लोगों तक पहुंचाने की आशंका समाप्त हो सके।

मामले को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बोचहां थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर स्थित AR बेकरी और ANN JAL मिष्ठान भंडार में छापेमारी की गई थी। इस दौरान लगभग 200 किलो दुर्गंधयुक्त स्पंज और सैकड़ों लीटर एक्सपायरी डेट के कोल्ड ड्रिंक बरामद हुए। विभाग ने जब्त सामग्री को नष्ट करा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, त्योहारों की खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी यह मामला सतर्क रहने की जरूरत को रेखांकित करता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी छापेमारी और जांच अभियान जारी रहेगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा