Muzaffarpur Tiger: मुजफ्फरपुर में बाघ दिखने की अफवाह से फैली दहशत, वन विभाग को नहीं मिला सबूत

Muzaffarpur Tiger: मुजफ्फरपुर में बाघ दिखने की खबर से दहशत फैल गई। हालांकि, वन विभाग को कोई सबूत नहीं मिला। इस दौरान इलाके में सर्च जारी है।

मुजफ्फरपुर में बाघ देखे जाने का दावा- फोटो : news4nation

Muzaffarpur Tiger:  मुजफ्फरपुर में बाघ दिखने की खबर सामने आने के बाद लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है। हालांकि, मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को अभी तक बाघ होने का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है, लेकिन इसके बावजूद इलाके में लोग सतर्क हैं। यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के औराई प्रखंड के राजखंड पंचायत का है। यहां लखनदेई नदी के किनारे घने जंगलों में एक व्यक्ति ने बाघ देखने का दावा किया। जैसे ही यह खबर फैली, इलाके के लोग डर गए और तुरंत इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया। लेकिन काफी तलाश के बाद भी किसी तरह का कोई सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो सके कि वहां बाघ मौजूद है।

पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर जांच की

मामले को लेकर औराई थाना प्रभारी हेमलता ने बताया कि लोगों से बाघ देखे जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर जांच की। फिलहाल किसी तरह का ठोस सबूत नहीं मिला है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके पर नजर रखी जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोग अभी भी सतर्क हैं और प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

मुजफ्फरपुर से Mani bhushan sharma