गुरु-शिष्य का रिश्ता कलंकित: शादी का झांसा देकर 7 साल तक शोषण, फिर छात्रा को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका

एक कोचिंग संचालक पर छात्रा को शादी का झांसा देकर सात साल तक यौन शोषण करने का आरोप है. दूसरी शादी का विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को तीसरी मंजिल से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

गुरु-शिष्य का रिश्ता कलंकित- फोटो : news 4 nation

बिहार के मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक ने मानवता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी शिक्षक नवीन कुमार पर आरोप है कि उसने अपनी ही छात्रा को शादी का झांसा देकर पिछले सात वर्षों से शारीरिक शोषण का शिकार बनाया। छात्रा नौवीं कक्षा से ही उसके पास पढ़ रही थी, जिसका फायदा उठाकर शिक्षक ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। मामले में मोड़ तब आया जब आरोपी ने छात्रा को बिना बताए गुपचुप तरीके से कहीं और शादी कर ली।


खौफनाक वारदात: विरोध करने पर तीसरी मंजिल से फेंका

जब पीड़िता को शिक्षक की दूसरी शादी की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया। 9 मार्च को आरोपी ने बातचीत के बहाने छात्रा को अपने घर बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी नवीन उसे घर की तीसरी मंजिल पर ले गया और जान से मारने की नीयत से उसे नीचे धक्का दे दिया। ऊंचाई से गिरने के कारण छात्रा गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।


होश आने पर हुआ खुलासा, पिता ने दर्ज कराई FIR

छात्रा कई दिनों तक अस्पताल में बेहोश रही, जिसके कारण घटना की सच्चाई सामने नहीं आ सकी थी। होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और शिक्षक की काली करतूतों का खुलासा किया। इसके बाद पीड़िता के पिता ने अहियापुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मूल रूप से मोतीपुर का निवासी है और कोल्हुआ में कोचिंग सेंटर चलाता था।


पुलिस की कार्रवाई: आरोपी फरार, छापेमारी जारी

अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और छात्रा के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। वारदात के बाद से ही आरोपी शिक्षक नवीन कुमार अपने घर से फरार है। पुलिस की विशेष टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल, छात्रा का इलाज जारी है और पुलिस ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।