मुजफ्फरपुर पुलिस का 'सुपरफास्ट' एक्शन: प्लाई फैक्ट्री में डाका डालने वाले दबोचे गए, 14 लाख कैश के साथ 2 शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर पुलिस ने प्लाई फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो चोरों को 14 लाख रुपये कैश के साथ गिरफ्तार किया है। 9 फरवरी को हुई इस चोरी का महज 12 दिनों में उद्वेदन कर लिया गया

Muzaffarpur - जिले के गरहा थाना क्षेत्र स्थित एक प्लाई फैक्ट्री में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 12 दिनों के भीतर सफल उद्वेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 14 लाख रुपये नगद कैश और चोरी से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से व्यवसायियों के बीच सुरक्षा का सकारात्मक संदेश गया है.

घटनाक्रम के अनुसार, पूरा मामला गरहा ओपी क्षेत्र के सिधौल गांव का है, जहां 9 फरवरी को अज्ञात चोरों ने एक प्लाई फैक्ट्री को निशाना बनाया था. चोरों ने फैक्ट्री से 51 एल्युमिनियम प्लेटों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. चोरी की इस घटना के बाद फैक्ट्री मालिक द्वारा मामला दर्ज कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस अधीक्षक कांतेस कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम का नेतृत्व नगर डीएसपी-2 विनीता सिन्हा ने किया, जबकि नगर पुलिस अधीक्षक पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे. मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर टीम ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान शुरू किया.

विशेष टीम ने सबसे पहले कांटी थाना क्षेत्र से संजीत कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया. संजीत के पास से पुलिस को 14 लाख रुपये नगद और चोरी का अन्य सामान हाथ लगा. संजीत से हुई कड़ी पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बोचहा थाना क्षेत्र से हर्ष कुमार उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आम सूचना इकाई और विशेष टीम के तालमेल से यह सफलता मिली है. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों से आवश्यक पूछताछ पूरी कर ली है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

रिपोर्ट - मणिभूषण शर्मा