Bihar MLC Election: तिरहुत स्नातक में प्रथम वरीयता की गिनती पूरी, वंशीधर ब्रजवासी इतने वोटों से आगे

Bihar MLC Election: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना में प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी हो गई है।...

वंशीधर ब्रजवासी आगे- फोटो : reporter

Bihar MLC Election: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना में प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी हो गई है। 11 राउंड की मतगणना के बाद निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं, जदयू के अभिषेक झा दूसरे और राजद की रश्मि विनायक गौतम तीसरे स्थान पर हैं। अब मतगणना में द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती शुरू हो गई है, जिस पर प्रत्याशियों की निगाहें टिकी हैं।

प्रथम वरीयता में वंशीधर ब्रजवासी को सबसे अधिक वोट

11वें राउंड तक की गिनती के आंकड़ों के मुताबिक, निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी को कुल 25,205 मत मिले हैं। जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा को 19,913 वोट प्राप्त हुए हैं, जबकि राजद उम्मीदवार रश्मि विनायक गौतम के खाते में 14,931 मत आए हैं।प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद वंशीधर ब्रजवासी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभिषेक झा से 5,292 वोटों से आगे हैं। हालांकि, अभी अंतिम नतीजे के लिए द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती अहम मानी जा रही है।

जीत के लिए चाहिए 31,733 वोट

मतगणना के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल वैध मतों की संख्या 63,464 है। जीत के लिए निर्धारित कोटा 31,733 वोट है। प्रथम वरीयता की गिनती के बाद किसी भी प्रमुख प्रत्याशी ने यह आंकड़ा हासिल नहीं किया है।इसी वजह से अब चुनाव की प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है। निर्धारित नियमों के तहत एलिमिनेशन राउंड में कई प्रत्याशियों को बाहर किया गया है और उनके मतपत्रों पर दर्ज द्वितीय वरीयता के वोटों की गिनती शुरू हो गई है।

द्वितीय वरीयता के वोटों पर टिकी निगाहें

प्रथम वरीयता में सबसे अधिक मत हासिल करने के बावजूद वंशीधर ब्रजवासी की जीत पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है। द्वितीय वरीयता के मतों के हस्तांतरण से प्रत्याशियों के बीच वोटों का अंतर बदल सकता है। ऐसे में अभिषेक झा और रश्मि विनायक गौतम समेत अन्य प्रत्याशियों के मतों की आगे की गणना भी महत्वपूर्ण होगी।अब सबकी नजरें द्वितीय वरीयता की मतगणना और जीत के निर्धारित कोटे पर टिकी हैं। अंतिम परिणाम निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा